कंडीसौड़ (टिहरी)। लोनिवि चंबा की लापरवाही कंडीसौड़ क्षेत्र के लोगों पर भारी पड़ रही है। कंडीसौड़ बाजार से ब्लॉक मुख्यालय को जाने वाली सड़क बदहाल बनी हुई है। बीते दिन से हो रही झमाझम बारिश से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। नालियां बंद होने से सड़क का पानी लोगों के घरों के अंदर घुस रहा है।
बाजार से ब्लॉक मुख्यालय को जाने वाली सड़क से आवागमन करने में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी सड़क से होकर ब्लॉक कार्यालय, तहसील, गैस एजेंसी, इंटर कॉलेज और अन्य निजी स्कूलों के छात्र-छात्राएं प्रतिदिन आवागमन करते हैं। चार साल से स्थानीय लोग डेढ़ किमी मार्ग पर मरम्मत कार्य और नाली निर्माण करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन लोनिवि के अधिकारी समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोनिवि चंबा के सहायक अभियंता राय सिंह रौतेला का कहना है कि सड़क मरम्मत के लिए शासन से बजट नहीं मिल पा रहा है। सालभर पहले ब्लॉक मुख्यालय सड़क मरम्मत के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन शासन से बजट की स्वीकृति नहीं मिल पाई है।