नई टिहरी। चारधाम यात्रा मार्गों पर पांच ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए हैं, जबकि कई जगहों पर भी सुधारीकरण की जरूरत महसूस की गई है। सहायक संभागीय अधिकारी और लोनिवि की ओर से जिला प्रशासन को 18 जनवरी को भेजी गई ज्वाइंट सर्वे रिपोर्ट में ऐसे दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का ट्रीटमेंट करने की जरूरत बताई गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर तोताघाटी, जुयालगढ़ पुलिया, मुल्यागांव, तीन धारा और साकनीधार को दुर्घटना संभावित क्षेत्र (ब्लैक स्पॉट) घोषित किया गया है, जबकि ऋषिकेश-कीर्तिनगर के बीच 17 प्वाइंट, डाइजर-मलेथा के बीच 14, जागधार-घनसाली-चिरबटिया के बीच 14, घनसाली-लंबगांव 19, चंबा-धनोल्टी पांच, चंबा-चिन्यालीसौड़ 11 और कैंपटी-नैनबाग मोटर मार्ग पर चार स्थानों पर सड़क तंग है, जिससे वहां सुधारीकरण की जरूरत बताई गई है। बताया गया है कि ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर साकनीधार और तीनधारा दुर्घटना संभावित क्षेत्र का सुधारीकरण कर लिया गया है। अन्य जगहों पर भी कार्य किया जा रहा है। डीएम सोनिका ने बताया कि ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर ऑल वेदर कार्य के तहत तीनधारा में चौड़ीकरण किया गया है। तोताघाटी को छोड़कर अन्य स्पॉट पर भी सुधारीकरण कार्य किया जा रहा है। तोताघाटी काफी डेंजर जोन है, इसलिए वहां छेड़ना अभी ठीक नहीं है। वहां सांकेतिक बोर्ड और क्रैश बैरियर लगाए जा रहे हैं। चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले 15 अप्रैल तक सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।