नई टिहरी। भारत सरकार के डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के तहत डायट में आयोजित डिजी लॉकर प्रशिक्षण में कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। बताया कि वेब सेवा के जरिए जन्म प्रमाणपत्र, पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाणपत्र समेत अन्य दस्तावेजों को ऑनलाइन स्टोर कर सकते हैं।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित प्रशिक्षण का प्राचार्य चेतन प्रसाद नौटियाल ने शुभारंभ करते हुए बताया कि तकनीकी हमारे दैनिक व्यवहार की विशिष्ट आवश्यकता बन चुकी है। इसी को देखते हुए सरकार ने डिजिटल इंडिया प्रोग्राम चलाया है। उन्होंने प्रतिभागियों से डिजिटल लॉकर बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम समन्वयक सुधीर नौटियाल व स्वान केंद्र के प्रभारी विशेषज्ञ संदीप वर्मा ने बताया कि डिजी लॉकर खोलने के लिए-digitallocker.gov.in पर जाकर अपनी आईडी बनाकर आधार कार्ड नंबर लॉग इन करना पड़ेगा। उसके बाद आपसे जुड़े कुछ सवाल पूछे जाएंगे। इसके बाद आपका अकाउंट बन जाएगा और उसमें सारे निजी दस्तावेज डाउनलोड किए जाएंगे। संतोष पुरोहित, विकास कठैत ने लॉकर बनाने का प्रदर्शन करते हुए प्रतिभागियों के सवालों और शंकाओं का समाधान किया। मौके पर अशोक कुमार सिंह, डा. वीर सिंह रावत, कुलवीर भंडारी, नरेश चंद कुमाईं, दीपक रतूड़ी, डा. चेतना थापा, डा. मनवीर नेगी, देवेंद्र भंडारी, केबी पेटवाल, सरिता असवाल, अंजना सजवाण, किरन नेगी, किरन बिष्ट, शांति व पार्वती आदि मौजूद थे।