चंबा (टिहरी)। बालिका इंटर कॉलेज चंबा के वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। छात्राओं ने लोक गीत, नृत्य, जौनसारी, जौनपुरी, पंजाबी, राजस्थानी और देश भक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। मेधावी छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
वार्षिकोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष संजय नेगी, पालिकाध्यक्ष विक्रम पंवार, प्रधानाचार्य अंजलि चंदोला ने किया। जिलाध्यक्ष नेगी ने कहा कि छात्राएं ही देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें अच्छी शिक्षा देने की जरूरत है। अभिभावकों की विद्यालय भवन निर्माण की मांग पर उन्होंने कहा कि यदि स्कूल भूमि उपलब्ध होगा तो भवन निर्माण कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
पालिकाध्यक्ष पंवार ने कहा कि वर्तमान जरूरतों को देखते हुए हर छात्र-छात्राओं का सर्वांगीण विकास और संस्कारित होना जरूरी है। प्रधानाचार्य अंजलि चंदोला ने कठोर परिश्रम और ईमानदारी से कार्य करने पर जोर दिया। छात्राओं ने कफू चौहान नाटक का शानदार मंचन किया। इस मौके पर मंजू रावत, वीरेंद्र सेमवाल, सतवीर पुंडीर, गोविंद सजवाण व शक्ति जोशी आदि उपस्थित रहे।