नई टिहरी। एक नवजात की मौत के मामले में परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने डीएम न्याय की गुहार लगाई है, वहीं डीएम ने मामले में सीएमओ से जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ग्राम कांडा निवासी कुलवीर सिंह ने बताया कि 18 मार्च को उनकी पत्नी ममता को प्रसव पीड़ा हुई। वे उसे जिला अस्पताल बौराड़ी लाए, जहां डॉक्टरों ने बच्चे की धड़कन ठीक न होने पर उन्हें ऋषिकेश रेफर किया। वे पत्नी को चंबा मसीहा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर राजेश ने आपरेशन किया। बच्ची स्वस्थ थी। 23 मार्च सुबह 10 बजे डॉक्टर जच्चा-बच्चा देखने वार्ड में आए और उन्हें बिना बताए बच्चे को आपरेशन वार्ड में ले गए। दो घंटे बाद बच्ची को लेकर बाहर आए, तो उन्होंने बताया कि बच्ची को पीलिया हो गया इसे ऋषिकेश ले जाओ। परिजन बच्ची को ऋषिकेश निर्मल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। कुलवीर सिंह ने डॉक्टर पर नवजात का गलत उपचार करने का आरोप लगाया। वहीं इस संबंध में डा. राजेश का कहना है कि नवजात को तेज बुखार और पीलिया हो गया था। परिजनों से विचार-विमर्श के बाद ही जच्चा-बच्चा को रेफर किया गया।