लंबगांव (टिहरी)। देहरादून के एक युवक ने प्रतापनगर के पनियाला गांव में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। युवक पिछले आठ माह से पनियाला गांव में किराए के कमरे में अकेले रहता था।
कोठारी मोहल्ला अपर जौलीग्रांट देहरादून निवासी नरेश मैठाणी (28) पुत्र शिव प्रसाद मैठाणी पनियाला-बिजपुर मोटर मार्ग पर निर्माण कार्य कर रहे एक ठेकेदार के कामकाज की देखभाल करता था और पनियाला गांव में दुर्गा प्रसाद पैन्यूली के मकान पर किराए पर रहता था। रविवार सुबह आठ बजे नरेश मैठाणी का मोबाइल फोन पर घंटी बजी, लेकिन उसने मोबाइल रिसीव नहीं किया। काफी देर तक मोबाइल की घंटी बजते सुन मकान मालिक और आसपास लोग उसे जगाने के लिए कमरे पर गए, लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। लोगों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो नरेश पंखे पर रस्सी के सहारे लटका हुआ था।
ग्राम प्रहरी रमेश चंद्र की सूचना पर थानाध्यक्ष जेपी कोहली मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। थानाध्यक्ष कोहली ने बताया कि मृतक के कमरे से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। पूछताछ करने पर ग्रामीणों ने बताया कि नरेश हंसमुख युवक था। शनिवार रात दस बजे तक तो वह कमरे में ठीक था। घटना के संबंध में मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।