नई टिहरी। नेहरू युवा केंद्र और राजकीय महाविद्यालय की ओर से आयोजित युवा सम्मेलन में देश निर्माण और प्रगति में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की गई। सम्मेलन में वाद-विवाद प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। युवा प्रतिभागियों को नेहरू युवा केंद्र की ओर से सम्मानित किया गया।
शुक्रवार को पीजी कालेज परिसर में आयोजित युवा सम्मेलन का शुभारंभ टिहरी विधायक धन सिंह नेगी और कालेज के प्राचार्य डा. अशोक कुमार ने किया। विधायक ने कहा कि विश्व में सबसे ज्यादा युवा भारत के पास हैं। युवा ही भारत की शक्ति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कौशल विकास को प्राथमिकता देते हुए स्टार्टअप इंडिया जैसे कार्यक्रम चलाकर युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया है। प्राचार्य डा. अशोक कुमार ने कहा कि सरकारी नौकरियों के साथ-साथ युवाओं को स्वरोजगार की ओर भी ध्यान देना चाहिए। एनएसएस के जिला प्रभारी डा. एके सिंह ने कहा कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ ही देश हित के लिए भी कार्य करना चाहिए। सम्मेलन में विवेक मेमोरियल सुर गंगा संगीत विद्यालय बौराड़ी और महाविद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। छात्र-छात्राओं के बीच युवा और आतंकवाद, युवा और कौशल विकास पर वाद-विवाद प्रतियोगिता कराई गई। नेहरू युवा केंद्र की ओर से सभी प्रतिभागियों को पुास्कृत किया गया। इस मौके पर नगर पालिकाध्यक्ष उमेश चरण गुसाईं, प्रमुख बेबी असवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय नेगी, नेहरू युवा केंद्र के जिला समन्वयक योगेश धस्माना, डा. राजेश कुमार, डा. पंकज पांडेय, डा. अरविंद मोहन पैन्यूली, डा. डीपीएस भंडारी, डा. पीके सिंह, डा. संजीव नेगी, डा. प्रीति रानी व डा. शालिनी रावत आदि मौजूद थे।