नई टिहरी। ग्यारह से 17 मार्च तक जिले में होने वाले पल्स पोलियो अभियान को लेकर डीएम सोनिका ने टास्क फोर्स समिति की बैठक ली और अधिकारियों को अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
जिले में पांच वर्ष तक के कुल 65,857 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके 680 बूथ बनाए गए हैं, जिन पर 264 सुपरवाइजर, 2600 कार्यकर्ता लगाए गए हैं। उन्होंने ऊर्जा निगम को बिजली आपूर्ति निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए। जिला चिकित्सालय बौराड़ी में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि अभियान के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने सभी कर्मियों को मिशन मोड में कार्य कर सौ फीसदी लक्ष्य हासिल करने को कहा। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और प्रधानों का सहयोग भी लेने को भी कहा गया। डब्ल्यूएचओ के डा. विकास शर्मा ने अभियान की जानकारी दी। इस मौके पर सीएमओ डा. आरती ढौडियाल, डा. मनोज वर्मा, डीपीआरओ रणवीर असवाल, डीईओ बेसिक सुदर्शन बिष्ट आदि मौजूद थे।