चंबा। बीती रात को नगर क्षेत्र के गुल्डी रोड स्थित एक भोजनालय में आग लगने से अंदर रखा सामान और खाद्य सामग्री जलकर राख हो गई। गुल्डी रोड पर अखिलेश जुयाल खाने का होटल चलाता है। रोजाना की तरह बुधवार रात्रि को वह होटल बंद करके अपने घर चला गया। सुबह के समय जब लोगों ने होटल के भीतर से धुआं उठता देखा, तो घटना की सूचना अखिलेश को दी। घटना की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचा, तब तक होटल के भीतर रखा फ्रीज, फर्नीचर और खाद्य सामग्री जलकर राख हो चुकी थी। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। व्यापार सभा अध्यक्ष दर्मियान सिंह सजवाण ने प्रशासन से पीड़ित को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।