चंबा (टिहरी)। लंबे समय से अस्तित्व की बाट जोह रहा अमर शहीद श्रीदेव सुमन पार्क को नए ढंग से संवारा जाएगा। इसके लिए टिहरी विधायक धन सिंह नेगी ने पार्क में श्रीदेव सुमन की नई मूर्ति स्थापित करनेे, पार्किंग और लाइब्रेरी बनाने के लिए विधायक निधि से 10 लाख की धनराशि देने की घोषणा की है। विधायक ने कहा कि निर्माण के कुछ माह बाद ही सुमन पार्क और मूर्ति क्षतिग्रस्त होने की जांच कराई जाएगी।
सोमवार को टिहरी विधायक धन सिंह नेगी निर्माण के कुछ माह बाद ही मूर्ति के ध्वस्त हो जाने पर हैरानी जताते हुए इसे धन का दुरुपयोग बताया। कहा कि जल्द ही एसडीएम से मामले की जांच कराई जाएगी। कहा कि अमर शहीद श्रीदेव सुमन के पार्क को मल्टी स्टोरी के रूप में नया रूप दिया जाएगा। लोगों ने विधायक को चंबा-उत्तरकाशी राजमार्ग पर खुले में पड़े कूड़ा निस्तारण करने की मांग उठाई। वहीं श्रीदेव सुमन की खंडित मूर्ति पालिका कार्यालय में पड़ी होने पर विधायक ने हैरानी जताई। उन्होंने ईओ एसपी जोशी को जल्द मूर्ति को शास्त्रीय विधि-विधान के साथ विसर्जन कराने के निर्देश दिए। पार्क उद्घाटन का शिलापट्ट भी अभी तक सुरक्षित स्थान पर नहीं ले जाया गया है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय नेगी, मनोज नकोटी, सतबीर पुंडीर, धर्म सिंह रावत, सुशील बहुगुणा, कीर्ति सिंह बिष्ट, वचन सिंह नेगी, सुरम तोपवाल, विक्रम चौहान, दीवान सिंह कुंवर आदि उपस्थित रहे।