मो. ताहिर
नैनबाग (टिहरी)।
बॉलीवुड की पहली सुपरस्टार अभिनेत्री कही जाने वाली श्रीदेवी का पर्यटन नगरी मसूरी और मशहूर पर्यटन स्थल कैंपटी फॉल से भी नाता रहा है। नब्बे के दशक में बॉलीवुड फिल्म फरिश्ते की शूटिंग के लिए अभिनेत्री श्रीदेवी और अभिनेता विनोद खन्ना मसूरी आए थे। यहां कैंपटी फॉल के सामने दोनों पर फिल्म के एक गाने के कुछ रोमांटिक दृश्य फिल्माए गए थे। कुछ दृश्य मसूरी के एक होटल में भी फिल्माए गए थे। शूटिंग के दौरान श्रीदेवी ने मसूरी की वादियों बेहद पसंद आई थी।
बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री श्रीदेवी के निधन की खबर लगते ही पर्यटन नगरी मसूरी और कैंपटी में भी उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई। वर्ष 1991 में अनिल शर्मा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘फरिश्ते’ में मोहम्मद अजीज और लता मंगेशकर की आवाज में गाए एक गाने ‘तेरे बिना जग लगता है सूना’ की शूटिंग कैंपटी फॉल और मसूरी में हुई थी। स्थानीय निवासी सालिक राम नौटियाल (70) ने बताया कि फिल्म फरिश्ते के एक गाने की शूटिंग के लिए बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी और अभिनेता विनोद खन्ना कैंपटी आए थे। कैंपटी फॉल में प्राकृतिक झरने, झील नंबर एक और कैंपटी स्थित गढ़वाल मंडल के भवन की छत पर अलग-अलग दृश्य फिल्माए गए थे। वर्ष 1991 में सालिक राम का कैंपटी फॉल पर एक फोटो स्टूडियो हुआ करता था।
सालिकराम कहते है कि कैंपटी से श्री देवी की पुरानी यादें जुड़ी है। उनके निधन की खबर सुनकर उन्हें गहरा धक्का लगा। उन्होंने बताया कि फिल्म के गाने की शूटिंग के सिलसिले में पूरी यूनिट मसूरी में लाइब्रेरी स्थित होटल सवाय में ठहरी थी। यहीं से शूटिंग के लिए श्रीदेवी और विनोद खन्ना कैंपटी आते थे। उन्होंने बताया कि गाने कुछ दृश्य होटल सवाय के गार्डन में शूट किए गए। श्रीदेवी और विनोद खन्ना दोनों को मसूरी की वादियां और कैंपटी झरना बहुत पसंद आया था।