नई टिहरी। होली के त्योहार दौरान खाद्य पदार्थों और मिठाई में मिलावट की संभावनाओं को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग भी सतर्क हो गया। नई टिहरी, बौराड़ी, चंबा, पीपलडाली, गडोलिया बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग की अलग-अलग टीमों ने ताबड़तोड़ छापे मार कर 23 वस्तुओं के सैंपल भरकर उसे प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
अभिहित अधिकारी एमएन जोशी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने बृहस्पतिवार नई टिहरी, बौराड़ी, चंबा, पीपलडाली और गडोलिया की 40 दुकानों में छापे मारकर खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे। टीम ने अलग-अलग दुकानों से दूध के छह, मसाला के दो, घी एक, बिस्कुट दो, बेसन एक, रिफाइन्ड दो, सरसों तेल दो, सूजी एक और मिठाई के दो, लस्सी का एक सैंपल भरा है। चंबा में चेकिंग के दौरान ऋषिकेश से दूध लेकर आ रहे दो वाहनों को टीम ने जब रोकने के लिए हाथ दिया, तो वे तेजी से उत्तरकाशी की तरफ भाग निकले। दोनों वाहनों को चिह्नित किया जा रहा है।
सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान चंबा और नई टिहरी में नौ मिठाई की दुकानों और होटलों में गंदगी पाए जाने पर उन्हें नोटिस दिया गया है। अभिहित अधिकारी एमएन जोशी ने बताया कि बीते अक्तूबर और नंबर में 40 वस्तुओं का सैंपल भरकर जांच के लिए रुद्रपुर प्रयोगशाला भेजे गए थे। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट में दूध के दो और बैकरी बिस्कुट का एक सैंपल अधो मानक (मिलावट) पाई गई है। व्यापारियों के खिलाफ पिछले माह एडीएम के न्यायालय में मुकदमा पंजीकृत कर दिया है।