घनसाली (टिहरी)। मंगलवार शाम को जाखधार-मलेथा मोटर मार्ग पर छुया पानी (पौखाल) के समीप हुई मैक्स दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। स्वास्थ्य केंद्र पिलखी में प्राथमिक उपचार के बाद बेस अस्पताल श्रीनगर को रेफर किए गए कीरत सिंह (50) निवासी स्यालकुंड ने रास्ते में दम तोड़ दिया था। ब्लॉक प्रमुख विजय गुनसोला ने यह जानकारी दी है।
दुर्घटना में दो लोगों की बीते दिन ही मौत हो गई थी। सात अन्य लोग घायल हो गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद पिलखी अस्पताल से चार घायलों प्रेम बसनेत, पिंगला देवी, सुमति देवी और कीरत सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया था, लेकिन कीरत सिंह ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। बेस अस्पताल श्रीनगर से तीनों घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया है।