नई टिहरी। गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर भारतीय गो क्रांति मंच के संयोजक गोपालमणी महाराज के नेतृत्व में 18 फरवरी को दिल्ली के रामलीला मैदान में धरना-प्रदर्शन और रैली की जाएगी।
शनिवार को गोपाल गोलोक धाम संवर्द्धन समिति के परिसर में पत्रकार वार्ता में संत गोपालमणी ने कहा कि गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने, अगले गो मंत्रालय बनाने, गाय के गोबर को खाद, गोबर गैस के रूप में इस्तेमाल करने, दस साल तक के प्रत्येक बच्चे को भारती नस्ल की गाय का दूध अनिवार्य रूप से देने, गाय के निशुल्क गो चरना, हर गांव में एक-एक नंदी की व्यवस्था करने, गो हत्या पर मृत्युदंड का प्राविधान करने सहित कई मांगों को लेकर गो क्रांति मंच लगातार आंदोलित है। उन्होंने गो भक्तों से अधिकाधिक संख्या में 18 फरवरी की रैली में शामिल होने की अपील की। बताया कि नई टिहरी से लोग 17 फरवरी को रैली के लिए रवाना होंगे। सभी को आई कार्ड दिया जा रहा है। इसके लिए ड्रेस कोड भी रखा गया है। सभी लोग पीले वस्त्रों में आएंगे। टिहरी से सात बसें आंदोलन में शामिल होंगी। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट, घनानंद डोभाल, गोपाल रतूड़ी, जेपी नौटियाल, डीडी नौटियाल, जिला पंचायत सदस्य रागिनी भट्ट, सभासद उर्मिला महर आदि मौजूद थे।