नई टिहरी। पड़ियार हाउस से नायक शाहिद कपूर की मोटर साइकिल के फर्राटा भरते ही ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ की शूटिंग शुरू हो गई। शुक्रवार को पहले दिन पड़ियार हाउस में फिल्म के कई दृश्य फिल्माए गए। फिल्म की करीब 55 दिन तक नई टिहरी समेत उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में शूटिंग चलेगी। रुपहले पर्दे पर टिहरी की सुंदरता भी दिखेगी।
बॉलीवुड की फिल्म अमूमन शुक्रवार को ही रिलीज होती है, लेकिन टिहरी में इस शुक्रवार को हिंदी फिल्म ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ की शूटिंग का मुहूर्त किया गया। फिल्म अभिनेता शाहिद कपूर, अभिनेत्री श्रद्धा कपूर, यामी गौतम, रति शंकर सहित कई स्थानीय कलाकार फिल्म में कार्य कर रहे हैं। शुभारंभ मौके पर आयोजित कार्यक्रम में फिल्म निर्देशक नारायण सिंह और रति शंकर ने कहा कि उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग की अपार संभावनाएं है। उत्तराखंड स्वीट्जरलैंड को भी मात दे सकता है। ऐसा प्राकृतिक सौंदर्य उन्होंने पहले कभी नहीं देखा। वह मुंबई जाकर अन्य फिल्मकारों को भी यहां की खूबियां बताएंगे। शाहिद कपूर ने भी टिहरी की तारीफ की। इस मौके पर टिहरी विधायक धन सिंह नेगी, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, पालिकाध्यक्ष उमेश चरण गुसांई, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय नेगी, ब्लॉक प्रमुख बेबी असवाल, डीएम सोनिका, एसएसपी विमला गुंज्याल, सीडीओ आशीष भटगांई, एसडीएम चतर सिंह, सारिक अहमद आदि भी मौजूद थे।
शाहिद को बताई माधो सिंह भंडारी की वीरगाथा
नई टिहरी। सीएम त्रिवेंद्र रावत ने फिल्म के मुहूर्त पर एक्टर शाहिद कपूर को उत्तराखंड की वीरता की कहानियां सुनाई। बताया कि किस तरह वीर भड़ माधो सिंह भंडारी ने टिहरी जिले के मलेथा में आज से 283 साल पहले साढ़े तीन सौ मीटर की सिंचाई गूल अपने सामर्थ्य से खोदी। सिंचाई गूल निर्माण में जब अड़चन आई, तो वीर भड़ भाधो सिंह भंडारी ने जनता को पानी उपलब्ध कराने के लिए अपने एक मात्र पुत्र की बलि तक दे डाली। वे हमेशा के लिए इतिहास में अमर हो गए। कहा कि कई खंड काव्य, कहानियों में इसका उल्लेख है। इस पर भी फिल्म बनाएं।
वीर भड़ गंगू रमोला की वीरता को उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने फिल्म यूनिट को बताया कि किसी तरह गंगू रमोला ने जमीन के लिए भगवान श्री कृष्ण के साथ द्वंद्व किया। उनकी अमर कहानी आज भी भगवान सेम-नागराजा में देखी जा सकती है। ऐसी ऐतिहासिक गाथाओं पर भी फिल्म बनाई जा सकती हैं।
खैट में दिखती हैं परियां
नई टिहरी। मुख्यमंत्री ने शाहिद कपूर को बताया कि उत्तराखंड ऐसे ही देवभूमि नहीं है। वो दूर (खैट पर्वत को दिखाते हुए) खैट पर्वत है। वहां पर रात को परियां विचरण करती है। उन्होंने जीतू बग्ड़वाल की कहानी बताते हुए खैट की विशेषता बताई। कहा कि शाहिद जी जरा गढ़वाली, तो सीखिए फिर कहानी सुनने में आएगा मजा।
फिल्म नीति में संशोधन को मांगेंगे सुझाव
नई टिहरी। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड की फिल्म नीति में कुछ संशोधन की जरूरत है। क्या संशोधन हों, इस संबंध में फिल्म निर्माताओं से सुझाव मांगे जाएंगे। ब्यूरो