नई टिहरी। केंद्र एवं राज्य सरकार की टिहरी बांध की झील में सी-प्लेन उतारने में अभी करीब तीन माह का समय लग सकता है। केंद्र सरकार सी-प्लेन उतारने को हरी झंडी दे चुकी है, लेकिन इससे पहले झील क्षेत्र में आवश्यक सुविधाएं जुटाने का काम राज्य सरकार करेगी। वर्ष 2005 में बनी झील में अपेक्षा के अनुरूप कुछ खास गतिविधियां नहीं हो पाई है।
शुक्रवार को फिल्म की शूटिंग के शुभारंभ मौके पर नई टिहरी पहुंचे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत अमर उजाला से बातचीत कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात में कई योजनाओं पर बात हुई है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने टिहरी बांध की झील को पर्यटन डेस्टिनेशन बनाने को वर्ष 2015 में एयर क्राफ्ट उतारने की कवायद शुरू की थी। पहले दौर में ऋषिकेश चीला बैराज से टिहरी बांध की झील में दो सीटर एयर क्राफ्ट झील में उतारने की योजना थी, बावजूद तत्कालीन सरकार की योजना परवान नहीं चढ़ पाई। अब केंद्र एवं राज्य सरकार ने झील में सी-प्लेन उतारने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। इससे स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार के अवसर भी खुलेंगे।
टेलीमेडिसिन सेवा केंद्र का लोकार्पण
नई टिहरी। जिला चिकित्सालय बौराड़ी में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने टेलीमेडिसिन सेवा केंद्र एवं दक्षता प्रयोगशाला का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के अस्पतालों को संचार नेटवर्क से जोड़ने की कवायद आईटी विभाग ने शुरू कर दी है। सरकार जल्द ही दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सकों की नियुक्ति करने जा रही है। स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति को प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर वार्डों का निरीक्षण कर भर्ती रोगियों का हालचाल पूछा। भर्ती रोगियों से बातचीत करते हुए सीएम ने अस्पताल से मिलने वाली दवाइयों के बारे पूछा। डीएम सोनिका ने सीएम को पानी की गुणवत्ता व क्षमता की जानकारी लेने के लिए आईआईटी कानपुर के छात्रों द्वारा बनाई गई मशीन के संबंध में जानकारी। इस दौरान सचिव मुख्यमंत्री राधिका झॉ, प्रभारी सचिव सूचना, पंकज पांडेय, विधायक धन सिंह नेगी, शक्ति लाल शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, पालिकाध्यक्ष उमेश चरण गुसाईं, जिला पंचायत सदस्य रागिनी भट्ट, भाजपा महामंत्री विनोद रतूड़ी, दिनेश डोभाल, खेम सिंह चौहान, विक्रम सिंह कठैत आदि उपस्थित रहे।