लंबगांव (टिहरी)। समाज कल्याण विभाग की लापरवाही प्रतापनगर क्षेत्र के वृद्ध जनों, दिव्यांगों और विधाओं पर भारी पड़ रही है। बैंक खाता नंबर और आधार कार्ड लिंक करने के बाद भी सालभर से पेंशन नहीं मिल पाई। पेंशन के अभाव में दिव्यांगों और वृद्ध जनों को जीवन यापन करना मुश्किल हो गया है।
ग्राम पंचायत बैल्डोगी के वृद्ध सारदुल सिंह, भंवर सिंह, सुरजा देवी, चतर सिंह, बिजेंद्र सिंह का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2017 में समाज कल्याण कार्यालय में पेंशन के लिए आधार कार्ड लिंक करा दिए थे। बैंक पास बुक का एकाउंट नंबर भी विभाग को दिया था। बावजूद सालभर से उनके बैंक खाते में पेंशन की राशि नहीं पहुंची है। बिजपुर की विधवा महिला फ्योला देवी की भी यही समस्या है। ओनालगांव निवासी दिव्यांग बलेंद्र सिंह को भी डेढ़ वर्षों से पेंशन का इंतजार है। जिला समाज कल्याण अधिकारी अविनाश भदोरिया का कहना है कि जिन लोगों ने कार्यालय में आकर स्वयं अपना आधार एवं बैंक खाता लिंक करवाया है, उनके खाते में पेंशन भेजी जा रही है।