चंबा (टिहरी)। झकोगी गांव से गर्भवती महिला को बौराड़ी लेकर जा रही 108 सेवा का चंबा बीच बाजार में ब्रेक फेल हो गया। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को किसी तरह किनारे लगाकर सबकी जान बचाई। बाद में परिजन महिला को टैक्सी से अस्पताल ले गए।
चंबा क्षेत्र की 108 सेवा एक माह से खराब पड़ी है, जिसे हरिद्वार में ठीक कराने के लिए भेजा गया है। उसके बाद खुशियों की सवारी के जरिए काम चलाया जा रहा है। बृहस्पतिवार सुबह थौलधार ब्लॉक के झकोगी गांव के गुड्डू मिस्त्री की पत्नी को प्रसव पीड़ा हुई, जिस पर उन्होंने 108 सेवा को फोन किया। चंबा की खुशियों की सवारी दूसरी जगह होने के कारण कोटी कालोनी की 108 सेवा गर्भवती महिला को भमोरीखाल लेने पहुंची। चंबा चौराहे के निकट मसूरी रोड में उसका ब्रेक फेल हो गया, चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को किसी तरह किनारे किया। इसके बाद सबने राहत की सांस ली। बाद में परिजनों ने महिला को टैक्सी से अस्पताल पहुंचाया। सेवा के जिला प्रभारी ललित जोशी ने बताया कि 108 सेवा के वाहन काफी पुराने हो गए हैं, जिससे वह खराब होती रहती है। चंबा में जिस वाहन के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है, उसमें कुछ दिन पहले ही नए ब्रेक लगाए गए थे। कुछ तकनीकी दिक्कत के कारण ऐसी नौबत आई है।