घनसाली (टिहरी)। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि शिक्षा ही विकास की प्रथम सीढ़ी है। शिक्षा के उत्थान के लिए सभी को आगे बढ़कर भागीदारी निभाई चाहिए। विकास के मामले में भाजपा की डबल इंजन सरकार देहरादून से आगे नहीं बढ़ पा रही है। कांग्रेस शासन में जो योजनाएं संचालित की जा रही थी, उन्हें भाजपा की प्रदेश सरकार ने प्रतिशोध की भावना से बंद कर दिया है।
जूनियर हाईस्कूल तलेबन इंटर कॉलेज स्तर पर उच्चीकृत होने पर शनिवार को कॉलेज मैदान में पूर्व सीएम हरीश रावत का सम्मान समारोह हुआ। पूर्व सीएम रावत ने कहा कि कांग्रेस शासन में प्रदेश के 2935 स्कूलों का उच्चीकरण और राजकीयकरण किया गया। 560 मॉडल स्कूलों की स्थापना की गई। अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक रहे। कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार देने की योजना शुरू की थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने योजना को बंद कर दिया है। अलग-अलग वर्ग के लिए पेंशन योजना शुरू की गई थी, लेकिन भाजपा ने एकल पेंशन योजना लागू कर दी है।
इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं और लोक गायक धूम सिंह नेगी की टीम ने रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इस मौके पर पूर्व विधायक भीमलाल आर्य, विक्रम सिंह नेगी, बलवीर सिंह नेगी, ब्लॉक प्रमुख विजय गुनसोला, बालकृष्ण नौटियाल, बीना सजवाण, धनीलाल शाह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सूरज राणा, प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट, दर्शनी रावत, सुमन नैथानी, लक्ष्मी प्रसाद जोशी, डा. नरेंद्र डंगवाल, केदार सिंह मिश्रवाण व धनपाल सिंह नेगी आदि उपस्थित रहे। इससे पहले, पूर्व सीएम ने ठेकेदारों के धरना स्थल पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया।