नई टिहरी। टिहरी बांध के कारण अलग-थलग पड़े प्रतापनगर क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर प्रतापनगर युवा मोर्चा ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर धरना दिया। उन्होंने डीएम को दिए ज्ञापन में कहा कि डोबरा-चांठी पुल का निर्माण 12 साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया है, जबकि स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर क्षेत्र के अस्पताल डाक्टर और उपकरण विहीन हैं।
मोर्चे के सदस्य विजयपाल रावत और मुलायम सिंह रावत ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस की सरकारों ने प्रतापनगर की हमेशा उपेक्षा की है। उन्होंने टीएचडीसी सेवा से क्षेत्र में अच्छे स्कूल व अस्पताल खोलने, प्रतापनगर को पर्यटन के रूप में विकसित करने, क्षेत्र को हनुमंत रावत कमेटी की सिफारिशों के तहत बिजली देने, अगरोड़ा में बीएससी की कक्षाएं, भूस्खलन की जद में आए गांवों का विस्थापन करने आदि की मांग की। धरने पर बैठने वालों में मुरारीलाल खंडवाल, राकेश राणा, मोहन सिंह रावत, विजयलक्ष्मी थलवाल, वीरेंद्र बरवाण, पुरुषोत्तम थलवाल, दिनेश चौहान, दौलत रावत, लक्की राणा, मोहन नौटियाल, होशियार सिंह, अमित कंडियाल, दिनेश कुमार और नत्थी शाह आदि शामिल थे।