नैनबाग/कंडीसौड़ (टिहरी)। नैनबाग में आयोजित तहसील दिवस में अधिकारी तीन घंटे तक फरियादियों की राह ताकते रहे, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। लोगों ने कहा कि तहसील दिवस में डीएम, एसडीएम के साथ सक्षम अधिकारी आते तो लोगों की कुछ समस्याएं हल हो सकती थीं, जबकि कंडीसौड़ जीआईसी क्यारी में आयोजित तहसील दिवस में नौ शिकायतें दर्ज की गईं।
नैनबाग में आयोजित तहसील दिवस में इस बार भी डीएम और एसडीएम सहित कोई भी सक्षम अधिकारी नहीं पहुंचा, जिससे तीन घंटे तक चले तहसील दिवस में मात्र दो शिकायतें ही दर्ज हो पाईं। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप कवि, प्रधान संगठन के सोबत सिंह कैंतुरा, मोहन लाल, देशपाल पंवार, गंभीर सिंह रावत आदि ने कहा कि इस बार सातवां तहसील दिवस लगाया गया है, लेकिन कोई भी सक्षम अधिकारी नहीं पहुंचे, जिससे लोगों ने वहां जाना उचित नहीं समझा। उधर कंडीसौड़ तहसील में नगुण पट्टी के जीआईसी क्यारी में तहसीलदार उपेंद्र बहुगुणा की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में नौ शिकायतें दर्ज की गईं, जिसमें एक का मौके पर ही निस्तारण किया गया और चार परिवार रजिस्टर की नकल जारी की गई। इस मौके पर बीडीओ बीपी डबराल, राम सिंह बुढाण, प्रधान पारसमणी, हुकमदास, हर्षमणी रतूड़ी, ओमप्रकाश, राजपाल सिंह और मोहित कुमार आदि मौजूद थे।