घनसाली (टिहरी)। टिहरी जिले के दो ब्लॉक कीर्तिनगर और भिलंगना को जोड़ने के लिए प्रस्तावित मूलगढ़-ठेला-गंडाराखाल मोटर मार्ग का निर्माण नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को 90 किमी की अतिरिक्त दूरी नापनी पड़ रही है। सड़क निर्माण होने से दोनों क्षेत्र के लोगों को मात्र दस किमी का सफर कर एक-दूसरे क्षेत्र में पहुंच सकते हैं। विभागीय लापरवाही इस कदर है कि डेढ़ साल पहले एक करोड़ 76 लाख की वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। लोगों की मांग पर डीएम ने भी कार्य प्रगति के निर्देश दिए थे, बावजूद लोनिवि कार्य शुरू नहीं करा पाया है।
भिलंगना और कीर्तिनगर ब्लॉक के दर्जनों गांवों को जोडने के लिए मूलगढ़-ठेला-गंडराखाल 9.5 किमी मोटर मार्ग के लिए 19 जुलाई 2016 को शासनादेश जारी कर वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई थी। लेकिन 18 माह का समय बीतने पर भी विभाग कोई प्रगति नहीं कर पाया है। जिससे भिलंगना ब्लॉक के भेलगडी, मल्याकोट, जाख, चौरा, ठेला और कीर्तिनगर ब्लॉक के ग्राम पांडव, खोंगचा, आछरीखुंट, तेगड़, बडियार आदि दर्जनों गांवों सड़क से नहीं जुड़ पा रहे हैं, जिससे इन गांव के लोगों को 90 किमी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। सड़क निर्माण से लोगों को मात्र 10 किमी का सफर कर एक-दूसरे क्षेत्र में पहुंच सकते हैं। ग्रामीण यशवंत गुसाईं, रजनी देवी, भगत सिंह, महिपाल सिंह, वीरेंद्र सिंह, दलेब सिंह और सुंदर सिंह का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए वर्षों आंदोलन करने के बाद स्वीकृति मिली थी, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
कोट
मोटर मार्ग का निर्माण कार्य वन भूमि के कारण अटका है, जिसकी स्वीकृति के लिए वन मंत्रालय में आवेदन किया गया है। एनओसी मिलने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा।
- एनएल बर्मा, ईई लोनिवि घनसाली।