नई टिहरी। जिला मुख्यालय में लोनिवि के एशियन डेवलपमेंट बैंक कार्यालय में कंप्यूटर आपरेटर के पद पर कार्यरत दीपक शर्मा ने फोर फिंगर पुशअप में गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड के लिए दावा पेश किया है। इस सूची में अभी तक कोई रिकार्ड नहीं है। उन्होंने एक मिनट में 78 स्कोर कर गिनीज के लिए दावा पेश कर रिकार्ड भेज दिया है।
रविवार को मोलधार स्थित जिम सेंटर में दीपक शर्मा ने निर्णायक मंडल के सम्मुख फोर फिंगर पुशअप लगाकर विश्व रिकार्ड बनाने का दावा प्रस्तुत किया है। पुशअफ के दौरान टाइमर फिक्स किया गया था। इस सूची में प्रतिभागी को अपने दोनों हाथों की दो-दो अंगुलियों से पुश करना होता है। गिनीज की ओर से उन्हें न्यूनतम 60 पुश लगाने को कहा गया था, लेकिन उन्होंने एक मिनट में 78 पुशअप लगाए।
जानकारों के अनुसार फोर फिंगर पुशअप में वर्ल्ड रिकार्ड में अभी तक किसी का नाम नहीं है। दीपक शर्मा ने इसी वर्ष नकल पुशअप में भी वर्ड रिकार्ड का दावा किया था। दीपक ने अक्तूबर में भी एक मिनट में 107 नकल पुशअप लगाकर 101 पुशअप का रिकार्ड तोड़ा था। बकौल दीपक नकल पुशअप तो वह पिछले कई समय से करते हैं, लेकिन फोर फिंगर पुशअप की तैयारी उन्होंने हाल में ही में शुरू की है। अब उनके वीडीओ फुटेज आदि को गिनीज बुक कार्यालय लंदन को भेजा जाएगा। मूलत दीपक डोईवाला के चांदवाड़ी गांव के निवासी हैं और वह वर्तमान में नई टिहरी में लोनिवि कार्यालय में बतौर कंप्यूटर ऑपरेटर कार्यरत हैं। फोर पुशअप के निर्णायकों मंडल में ई. भीमलाल निराला, पीजी कालेज के डा. कुलदीप रावत, जीआइसी ढुंगीधार के पीटीआई चक्रधर भद्री, दर्शन गुसाईं आदि शामिल थे। इस मौके पर नगर पालिकाध्यक्ष उमेश चरण गुसार्इं, जिम के इंस्ट्रक्टर भूपेंद्र रावत, राजीव रावत, मोहन सिंह रावत आदि मौजूद थे।