चंबा (टिहरी)। अमर शहीद श्रीदेव सुमन पार्क की बदहाली को लेकर बृहस्पतिवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने पार्क की मरम्मत और श्रीदेव सुमन की मूर्ति स्थापना को लेकर पालिका के ईओ का घेराव किया। पालिका पर शहीद श्रीदेव सुमन की उपेक्षा करने का आरोप भी लगाया गया। लोगों ने कहा कि कहा पार्क निर्माण कार्यों की जांच को लेकर पालिका गुमराह कर रही है।
नगर पालिका ने वर्ष 2014-15 में चंबा में श्रीदेव सुमन पार्क की स्थापना की थी। पार्क में अमर शहीद श्रीदेव सुमन की मूर्ति की स्थापना की गई थी, लेकिन निर्माण के कुछ ही दिन बाद घटिया निर्माण कार्य के चलते पार्क और मूर्ति क्षतिग्रस्त हो गई थी। तब स्थानीय लोगों ने पालिका के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की थी। तब से पार्क में दोबारा मूर्ति स्थापित नहीं की गई।
बृहस्पतिवार को पार्क के सुंदरीकरण और मूर्ति स्थापना की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने ईओ एसपी जोशी का घेराव किया। लोगों ने 20 दिन के अंदर मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। ईओ ने आश्वासन दिया कि जल्द ही मूर्ति की स्थापना की जाएगी। इस मौके पर शक्ति प्रसाद जोशी, संदीप नौटियाल, राजेश गुसाईं, नरेश सकलानी और गणेश कोठारी आदि उपस्थित रहे।