घनसाली (टिहरी)। पंजीकृत ठेकेदार संघ ने ई-टेंडरिंग को निरस्त करने की मांग को लेकर मुख्य बाजार से तहसील कार्यालय तक ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि 29 दिसंबर तक बड़ी निविदाओं को छोटी कर जारी नहीं की गई, तो घनसाली में प्रस्तावित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विरोध किया जाएगा।
लोनिवि घनसाली में पिछले 13 दिन से धरना दे रहे ठेकेदार संघ ने कहा कि बड़ी निविदाओं से छोटे ठेकेदारों का रोजगार छीनने का प्रयास कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छोटी निविदाएं जारी करने की मांग का कोई समाधान नहीं निकालने पर गुस्साए ठेकेदारों ने बुधवार को प्रदर्शन किया। तहसील परिसर में आयोजित सभा में पूर्व जिला पंचायत सदस्य डा. नरेंद्र डंगवाल और ठेकेदार संघ के महामंत्री लोकेंद्र सिंह रावत ने कहा की प्रदेश सरकार पहाड़ में बड़ी निविदा लगा कर स्थानीय लोगों को बेरोजगार बनाने का काम कर रही है। पूंजीपति ठेकेदारों को पहाड़ चढ़ाने के लिए ई-टेंडरिंग के माध्यम से बड़ी निविदाएं जारी कर रही है, जिससे पहाड़ के ठेकेदारों को बेरोजगारी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों में ठेकेदार संघ के अध्यक्ष रविंद्र बिष्ट, विक्रम असवाल, सुंदर सिंह, विकास सेमवाल, शीशम सिंह रावत, कपिल बडोनी, राजेंद्र परमार, सोबत सिंह, ध्यान सिंह, खुशाल सिंह, सूरज सिंह, मोर सिंह, भरत सिंह, गजेंद्र सिंह, पुरुषोत्तम सिंह, प्रकाशचंद्र रतूड़ी, कमल सिंह चौहान आदि शामिल थे।