नई टिहरी। थौलधार ब्लॉक छह गांवों को यातायात से जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार ने तीन सड़कों के निर्माण को हरी झंडी दे दी है। तीन करोड़ 42 लाख से महेडा-दौड़का, कांशी-नाला और कांडीखाल-इंडर सड़क निर्माण को वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। सड़क निर्माण को कार्यदायी संस्था लोनिवि ने कवायद शुरू कर दी है। आगामी जनवरी से लोनिवि से उक्त सड़कों का निर्माण शुरू करने का निर्णय लिया है। इन सड़कों के निर्माण से 500 जनसंख्या को सुगम यातायात का लाभ मिलेगा।
कौडू, कटखेत, चटवा और दरमाडी गांव के लोग वर्षो से महेडा-दौड़का सड़क निर्माण की मांग करते आ रहे थे। सड़क के अभाव में अब तक गांव के लोगों को बाजार से गांव पहुंचने के लिए दो से तीन किमी की पैदल दूरी तय करनी पड़ती थी। स्थानीय लोगों की मांग पर प्रदेश सरकार ने 2.30 किमी महेडा-दौड़का सड़क निर्माण के लिए एक करोड़ 26 लाख की धनराशि जारी कर दी है। कांशी से नाला 2.87 किमी सड़क निर्माण को एक करोड़ 55 लाख 16 हजार की वित्तीय स्वीकृति दे दी है। इस सड़क के निर्माण में वन अधिनियम आड़े आने से लोनिवि से भारत सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्रालय को प्रस्ताव भेज दिया है।
लोनिवि चंबा के ईई गौरव थपलियाल ने बताया कि कांडीखाल-इंडर से 1.15 किमी सड़क निर्माण को 61 हजार 42 हजार की स्वीकृति मिल चुकी है। नई सड़कों के निर्माण को टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर जनवरी माह से निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।