चंबा (टिहरी)। अब जल्द ही ऊर्जा निगम कार्यालय में बिजली गुल होने पर उपभोक्ताओं को प्रिंटर से रसीद लेने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अधिशासी अभियंता ने एसडीओ को शीघ्र कार्यालय के कंप्यूटर की खराब बैटरियों को बदलने के आदेश दे दिए हैं। वहीं लंबी कतार होने पर बुजुर्ग उपभोक्ताओं के लिए अलग से काउंटर की व्यवस्था की जाएगी।
नगर क्षेत्र में स्थित ऊर्जा निगम के उपखंड कार्यालय में चंबा सहित आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीण बिजली का बिल जमा करने आते हैं। निगम कार्यालय में पिछले कई दिन से कंप्यूटर की बैकअप बैटरी खराब पड़ी है, जिससे आए दिन बिजली गुल होते ही कार्यालय का कंप्यूटर बंद हो जाता है। सोमवार सुबह भी बिजली चले जाने पर ग्रामीणों को समय पर रसीद नहीं मिल पाई थी। ग्रामीणों ने रोष प्रकट करते हुए बैटरी बैकअप को सही कराने की मांग की थी। 27 नवंबर को अमर उजाला ने बिजली ठप बिल जमा करने में हुई दिक्कत खबर प्रकाशित की। खबर का संज्ञान लेते हुए ऊर्जा निगम के ईई राकेश कुमार ने एसडीओ चंबा को शीघ्र खराब बैटरी को बदलने के आदेश दिए हैं। कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधाओं को नजरअंदाज नहीं करा जाएगा। बुजुर्ग उपभोक्ताओं के लिए अलग से काउंटर बनाने की व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है।