लंबगांव (टिहरी)। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बाजार में औचक छापेमारी की कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान टीम ने तीन दुकानों में एक्सपायरी डेट के खाद्य और पेय पदार्थ बरामद किए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट किया गया। खाद्य पदार्थ बिक्री का लाइसेंस न होने और एक्सपायरी डेट के खाद्य पदार्थों की बिक्री करने पर 14 दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा के नेतृत्व में विभाग की टीम ने बीते रविवार को लंबगांव में दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने एक दुकान से एक्सपायरी डेट की 50 बोतलें कोल्ड ड्रिंक बरामद की। एक अन्य दुकान से एक्सपायरी डेट के बिस्कुट के पैकेट बरामद किए, जिन्हें टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। टीम ने अधिकांश दुकानों में बिक्री के लिए रखे गए खाद्य पदार्थों पर बैच नंबर, उत्पादन और अवसान तिथि अंकित नहीं मिली। पूछे जाने पर बताया कि वे खाद्य पदार्थ की खरीदारी ऋषिकेश से करते हैं, लेकिन व्यापारियों के पास क्रय किए गए माल के सही बिल नहीं मिले। खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा ने बताया कि मामले में 14 दुकानों को मौके पर ही नोटिस थमा दिए गए हैं। व्यापारियों से हफ्तेभर में नोटिस का जवाब मांगा गया है। सही जवाब और बिल उपलब्ध नहीं कराने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।