नई टिहरी। शिक्षा विभाग अधिकारियों के कारनामे भी अजब गजब है। कठूड इंटर कॉलेज के छात्र गणित विषय में शिक्षक तैनाती का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, वहां तो शिक्षक को तैनाती नहीं दी गई। जबकि कांडीखाल इंटर कॉलेज में गणित विषय में एक भी छात्र नहीं है, बावजूद इसके शिक्षक तैनात किया गया है। कांडीखाल इंटर कॉलेज में गणित विषय में छात्र संख्या शून्य है, तो शिक्षक किसे पढ़ाएगा।
शिक्षकों की कमी से जूझ रहे इंटर कॉलेजों में इन दिनों गेस्ट टीचरों की तैनाती की जा रही है। प्रत्येक स्कूल से छात्र संख्या का विवरण जुटाने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारी पिछले 20 दिनों से गुणा-भाग करने में जुटे हुए थे। गेस्ट टीचरों की तैनाती करने के लिए शासन ने स्पष्ट दिशा निर्देश दिए थे कि उसी विद्यालय में शिक्षक भेजा जाए, जहां छात्र संख्या हो। शून्य छात्र संख्या वाले विद्यालय में किसी की तैनाती न की जाए। मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्रनगर के कार्यालय में प्रवक्ता वर्ग में गेस्ट टीचरों की तैनाती के लिए काउंसिलिंग की गई। देवप्रयाग के मेहरजाली इंटर कॉलेज में तैनात गेस्ट टीचर को इसलिए हटा दिया गया क्योंकि वहां गणित विषय में छात्र संख्या शून्य थी। थौलधार ब्लॉक के कांडीखाल इंटर कॉलेज में गणित विषय में छात्र संख्या शून्य है, लेकिन वहां काउंसिलिंग के जरिए गेस्ट टीचर को तैनाती दे दी गई है।
भिलंगना ब्लॉक के कठुड इंटर कॉलेज में गणित विषय में आठ छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन वहां शिक्षक की तैनाती नहीं हो पाई। क्योंकि कठुड इंटर कॉलेज दुर्गम की श्रेणी में आता है।
कोट
कांडीखाल इंटर कॉलेज में गणित विषय में छात्र संख्या शून्य होने की बीईओ ने रिपोर्ट नहीं दी थी। इसलिए वहां गेस्ट टीचर की नियुक्ति हुई है। बीईओ से इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
-दिनेश चंद्र गौड़, मुख्य शिक्षा अधिकारी टिहरी