घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक में स्वीकृत दर्जनभर मोटर मार्ग पांच साल बाद भी नही बन पाए हैं। इससे क्षेत्र के लोगों को 10 से 15 किमी पैदल चलना पड़ रहा है। सड़क सुविधा से वंचित लोग लोनिवि और शासन-प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे ग्रामीणों में भारी रोष है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू नहीं किया जाता है तो 20 नवंबर से लोनिवि दफ्तर में आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।
भिलंगना ब्लॉक में ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए पांच साल पहले मैगाधार-आली-कोट, अखोड़ी-कटकेश्वर, मैगाधार-जमोलना, मतकुंडी-पंगरियाणा, डखवाणगांव-सिलोस, थार्ती-गंडाराखाल, मुयालगांव- गौरिया,जखन्याली- सेमल्थ-ढाबसौड, अगुंडा-पिनस्वाड़, रानीगढ-बुढवां, गेंवाली- चानी- तिसरियाड़ा और पिलखी-नैल-बौंसला आदि सड़कों की स्वीकृति प्रदान की गई थी, लेकिन विभागीय लापरवाही और शासन प्रशासन की उदासीनता के चलते सड़कों का निर्माण अधर में लटका हुआ है।
ग्यारह गांव हिंदाव भ्रष्टाचार निरोधक समिति के संयोजक मित्रानंद नैथानी, चंद्र सिंह रावत, जमुना प्रसाद, दाताराम तिवाड़ी, कर्ण सिंह, सरोप सिंह, भरत सिंह आदि का कहना है कि लोनिवि इन पांच सालों में वन भूमि की एनओसी नहीं ले पाया है, जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वीकृत सड़कों पर निर्माण कार्य जल्द शुरू नहीं किया गया तो 20 नवंबर से लोनिवि कार्यालय में बेमियादी आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। इस बारे में लोनिवि के ईई एनएल वर्मा का कहना है कि कुछ सड़कों का कार्य वन भूमि के कारण अटका हुआ है, जबकि अन्य मार्ग धनाभाव के कारण लटके हुए हैं। उम्मीद है कि जल्द निर्माण कार्य शुरू कर लिया जाएगा।