नई टिहरी। राज्य स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। जिला मुख्यालय समेत जिले के विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं गोष्ठियां आयोजित की गई। छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकाली।
पीआईसी बौराड़ी में जिलाधिकारी सोनिका, पालिकाध्यक्ष उमेश चरण गुसाईं, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय नेगी, सीडीओ आशीष भटगांई ने सूचना विभाग की विकास पुस्तिका का भी विमोचन किया। उन्होंने राड्स संस्था के सहयोग से दिव्यांगों को व्हील चियर दी। उन्होंने राज्य आंदोलनकारी रहे स्व. गंभीर सिंह कठैत की माता रामेश्वरी देवी को शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
इस मौके पर ब्लाक प्रमुख बेबी असवाल, एसडीएम सीएस चौहान, रागिनी भट्ट, खेम सिंह चौहान, शांति प्रसाद भट्ट, अनुसूया नौटियाल, विनोद रतूड़ी, आकाश कृषाली, मोहन सिंह रावत, बीपी भट्ट आदि मौजूद थे। पैन्यूला में न्यू टिहरी इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने रैली निकाली। एसआरटी परिसर, श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विवि बादशाहीथौल में गोष्ठी आयोजित की। घनसाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर में विधायक शक्ति लाल शाह ने मरीजों को फल बांटे। बालगंगा महाविद्यालय सेंदुल केमर छात्रों ने प्रस्तुति दी। नरेंद्रनगर में पालिकाध्यक्ष दुर्गा राणा ने रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ किया। थत्यूड़, नैनबाग, लंबगांव, प्रतापनगर, कंडीसौड़, जाखणीधार समेत कई स्थानों पर स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।