चंबा (टिहरी)। बजट के अभाव में निर्माणाधीन चार मंजिला मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण अधर में लटक गया है। कार्यदायी संस्था से पार्किंग निर्माण पूरा करने से हाथ पीछे खींच दिए हैं। बजट मिलने पर भी कार्यदायी संस्था को निर्माण पूरा करने में एक साल का वक्त लगेगा।
चंबा टिहरी जिले का मुख्य केंद्र बिंदु और चारधाम यात्रा का मुख्य पड़ाव है। वाहन पार्किंग के अभाव में आए दिन चंबा में जाम की समस्या बनी रहती है। लोगों को जाम की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए वर्ष 2015 में 6 करोड़ 93 लाख से पुरानी टिहरी रोड पर चार मंजिला मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण का निर्माण शुरू किया गया था। पार्किंग में एक समय में 15 बड़ी बसें और 55 जीप-टैक्सी और कारें एक साथ खड़ी रह सकती है। दिसंबर 2016 में पार्किंग निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, तय समयावधि बीतने के दस माह बाद भी पार्किंग का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। पिछले एक माह से पार्किंग का निर्माण पूरी तरह से ठप पड़ा हुआ है। भुगतान न मिलने पर ठेकेदार ने लोनिवि को अब आगे का काम न करने का नोटिस थमा दिया है। कार्यदायी संस्था अब तक निर्माण कार्यों पर 4 करोड़ 74 लाख की धनराशि खर्च चुकी है।
कोट
बजट के अभाव में ठेकेदार ने पार्किंग का काम बंद कर दिया है। स्वीकृत बजट 6 करोड़ 93 लाख के सापेक्ष दो करोड़ 69 लाख की धनराशि विभाग को अभी तक नहीं मिल पाई है। विभाग की ठेकेदार पर दो करोड़ से भी अधिक की देनदारी हो गई। बजट मिलने पर निर्माण पूरा करने में आठ से दस माह का वक्त लग सकता है।
-गौरव थपलियाल, ईई लोनिवि चंबा