नई टिहरी। नगर निकाय मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के लिए आयोजित संगणनक एवं सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण में घर-घर जाकर सूची का पुनरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित 34 दिनों में जिले की पांच नगर पालिका के 42 वार्ड, पांच नगर पंचायत के 26 वार्डों की मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य किया जाना है।
नगर पालिका सभागार बौराड़ी में आयोजित प्रशिक्षण में अपर जिलाधिकारी डा. शिवकुमार बरनवाल ने कहा कि मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य में कोई शंका व दिक्कत होने पर अधिशासी अधिकारी एवं राजस्व उपनिरीक्षकों का सहयोग लें सकते हैं। जो नए मतदाता एक जनवरी 2018 को 18 वर्ष की आयु पूरी करते हों, उनके नाम भी इस सूची में शामिल किए जाएं। जिले में पुनरीक्षण कार्य के लिए 73 संगणनक, 21 सुपरवाइजरों को लगाया गया है। संबंधित तहसीलदार, ईओ, एसडीएम भी कार्य पर नजर रखेंगे। मास्टर ट्रेनर विक्रम दास, अभिनव नौटियाल, दीपक रतूडी ने बताया कि प्रत्येक संगणनक व सुपरवाइजर संबंधित उपजिलाधिकारी की ओर से जारी परिचय पत्र के साथ गणना कार्य में जाएंगे। इस मौके पर एसडीएम चतर सिंह चौहान, नूपूर वर्मा, लक्ष्मीराज चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी राजकुमार वर्मा और जिला शिक्षाधिकारी एसएस बिष्ट आदि मौजूद थे।