नई टिहरी। जिला खेल विभाग की ओर से आयोजित अंडर 19 बालक वर्ग तीन दिवसीय जिलास्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में गढ़वाल स्पोर्ट्स क्लब मुनिकीरेती की टीम विजेता बनी। टीम ने हास्टल नरेंद्रनगर को 40 रन से हराया।
जाखणीधार ब्लाक के लामरीधार में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले मैच में गढ़वाल स्पोर्ट्स क्लब ने लिटिल मास्टर चंबा को 27 रन से हराया। दूसरे मैच में टिहरी टाइटंस ने कपरियाणी सैंण को 33 रन से, तीसरे में अंजनीसैंण ने पौडीखाल को 78, चौथे में गढ़वाल मुनिकीरेती ने टिहरी टाइटंस को 26 रन, पांचवें में गढ़वाल स्पोर्ट्स क्लब ने जाखणीधार को 10 विकेट से हराया सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में हास्टल नरेंद्रनगर ने गढ़वाल स्पोर्ट्स जूनियर को 12 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में गढ़वाल स्पोर्ट्स क्लब ने 128 रन बनाए, जबकि हास्टल नरेंद्रनगर की टीम 88 रन पर ही ऑल आउट हो गई। भाजपा नेता विक्रम सिंह उनाल ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। जिला खेल अधिकारी कृष्ण कुमार ने कहा कि विभाग ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच मुहैया करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस मौके पर निर्णायक श्याम शर्मा, अमन कंसवाल, दीपक रावत, सूरज कंसवाल और सनंत आदि मौजूद थे।