नई टिहरी। प्रतापनगर के पूर्व विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि डोबरा-चांठी पुल निर्माण के मामले मेें डबल इंजन सरकार फेल हो गई। तीन माह से पुल निर्माण कार्य ठप पड़ा हुआ है। पुल निर्माण कार्यों के लिए केंद्र सरकार की ओर से बजट नहीं दिया जा रहा है। बजट जारी करने और पुल निर्माण की मांग को लेकर 13 नवंबर को कांग्रेस जिला मुख्यालय में हुंकार रैली आयोजित करेगी। रैली में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्यक्ष और पूर्व सीएम हरीश रावत भी शिरकत करेंगे।
पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक नेगी ने कहा कि वर्ष 2007-12 तक जब पुल निर्माण बंद और पुल का डिजायन फेल हो गया था, तब हरीश रावत सरकार ने अंतरराष्ट्रीय टेंडर आमंत्रित कर पुल निर्माण के लिए एक मुश्त 75 करोड़ की धनराशि जारी की थी। लेकिन केंद्र सरकार ने अपने हिस्सा का 75 करोड़ जारी नहीं किया। जिससे तीन माह से पुल निर्माण ठप पड़ा है, जबकि नए डिजायन के अनुसार पुल के सभी पार्ट डोबरा में जंक खा रहे हैं। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष दर्शनी रावत, नगर अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल, महादेव मैठाणी, खुशीलाल व लक्ष्मी प्रसाद भट्ट भी उपस्थित रहे।