नई टिहरी। चंबा-ऋषिकेश हाईवे पर बेमुंडा में स्थित पित्रेश्वर महादेव मंदिर का पुनर्निर्माण की मांग को लेकर लोगों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए कई बार अवगत कराने के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति रोष है।
बेमुंडा में स्थित पित्रेश्वर महादेव मंदिर को तोड़ा गया था। लोगों ने इसका कड़ा विरोध जताते हुए मंदिर को यथावत सुरक्षित रखने की मांग की, बावजूद किसी की नहीं सुनी गई। मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर क्रमिक अनशन कर रहे लोगों ने डीएम को ज्ञापन देकर बेमुंडा में स्थित स्वयंभू पित्रेश्वर महादेव मंदिर का पुनर्निर्माण करने और प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण पुरानी लोनिवि की सड़क से जोड़ने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष भगवान सिंह रावत, लाखीराम जोशी, यशपाल चौहान, दयाल सिंह भंडारी, जोत सिंह रावत, जोत सिंह भंडारी, चिंता रावत आदि शामिल थे।