नई टिहरी। महंगाई के दौर में रामलीला पर भी बजट का संकट आ गया है। इसी कारण इस बार नई टिहरी में कुंभकरण का पुतला दहन नहीं हो पाएगा। कुंभकरण का पुतला तैयार करने में बजट का अभाव आड़े आया है। पुतला दहन कार्यक्रम रविवार को बौराड़ी स्टेडियम में शाम 6.30 बजे राम बारात के बाद होगा।
नवयुवक अभिनय श्रीराम कृष्ण रामलीला समिति ने रावण और मेघनाद का पुतला तैयार करने के लिए 60 हजार रुपये का बजट तो जैसे-तैसे जुटा लिया, लेकिन कुंभकरण का पुतला बनाने के लिए बजट उपलब्ध नहीं हो पाया। दशहरा महोत्सव समिति के अध्यक्ष रवि शंकर और पालिकाध्यक्ष उमेश चरण गुसाईं ने बताया कि रावण का 40 फुट ऊंचा और मेघनाद का 20 फुट ऊंचा पुतला तैयार कर लिया गया है। यदि कुंभकरण का पुतला भी तैयार करते है तो 15 हजार रुपये अतिरिक्त बजट आएगा। समिति के पास इतना बजट नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों हुई बारिश के कारण रामलीला दो दिन तक नहीं हो पाई थी। इसलिए पुतला दहन विजयादशमी के एक दिन बाद करने का निर्णय रामलीला समिति को लेना पड़ा।