नई टिहरी। हिंडोलाखाल विकास खंड मुख्यालय में शुक्रवार को सरकारी विभागों की ओर से जन समस्याएं सुनने के लिए शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सबसे अधिक समस्याएं समाज कल्याण विभाग और पेयजल से संबधित छाई रही।
विधायक विनोद कंडारी ने समाज कल्याण अधिकारी को पेंशन से संबधित सभी प्रकरणों का 15 दिन के अंतर्गत निस्तारण करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग, बाल विकास विभाग, पशुपालन और उद्यान विभाग की ओर से प्रदर्शनी भी लगाई गई। समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जिन लोगों के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं हो पाए है। उनकी पेंशन खातों में नहीं जा पा रही है। विधायक कंडारी ने लोनिवि को आपदा से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की जल्द मरम्मत करने, सड़क मार्ग से मलबा साफ करने को कहा। बैठक में ब्लॉक प्रमुख जयपाल सिंह पवंार, भाजपा मंडलध्यक्ष जेपी चंद, व्यापार सभा अध्यक्ष ज्योति कैंतुरा, हरपाल भंडारी, प्रमोद रावत आदि उपस्थित रहे।