नरेंद्रनगर(टिहरी।)। 42वें श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले पहली बार दंगल का आयोजन किया गया। दंगल देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। कुश्ती का शुभारंभ कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने किया। पंजाब के जग्गा पहलवान ने डोईवाला उत्तराखंड के संजय कुमार को हराकर दंगल अपने नाम किया।
मंगलवार को हुई कुश्ती चैंपियनशिप का शुभारंभ करते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि अब तक भारत में युवाओं का रुख मात्र क्रिकेट की तरफ था, लेकिन साइना नेहवाल, पीबी सिंधु, बिजेंद्र कुमार, योगेश्वर दत्त, सुशील कुमार जैसे खिलाड़ियों ने कुश्ती, बैडमिंटन, बॉक्सिंग खेलों के प्रति लोगों का रुझान बढ़ाया है। इसी कड़ी में मेले में पहली बार कुश्ती का आयोजन किया गया है। कुश्ती का फाइनल मुकाबला उत्तराखंड डोईवाला के संजय कुमार पंजाब पटियाला के जग्गा पहलवान के बीच हुआ। 20 मिनट तक चले मुकाबले में जग्गा ने संजय को पटकनी देकर शील्ड अपने नाम की। महिला कुश्ती का मुकाबला हरियाणा की वर्षिका ने रुचि को हराकर अपने नाम किया। वहीं सविता तीसरे नंबर पर रही। हरियाणा के अनुज चौधरी, यूपी मेरठ के लोकेंद्र, पंजाब के राजू और विपिन ने भी कुश्ती में पहलवानी दिखाई। रनरअप रहे उत्तराखंड के संजय पहलवान पर लोगों ने नोटों की वर्षा की। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र विक्रम सिंह पवार, रविंद्र सकलानी, व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश कर्णवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मुन्नी राणा आदि उपस्थित रहे।