नई टिहरी। रंगारंग कार्यक्रमों के साथ डा. भीमराव अंबेडकर अनुसूचित जाति-जनजाति छात्रावास ने पहला स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। छात्रों ने शानदार देश भक्ति गीतों और प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग जमाया।
शुक्रवार को स्थापना दिवस का टीएचडीसी के अधिशासी निदेशक एसआर मिश्रा ने संविधान निर्माता डा. बीआर अंबेडकर की मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि टीएचडीसी बांध प्रभावित क्षेत्रों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है। ढुंगीधार में एससी-एसटी छात्रावास, भागीरथीपुरम में हाइड्रो इंजीनियरिंग कालेज, किसानों की आय बढ़ाने, रोजगार के साधन, सस्ती जैनरिक दवाई का स्टोर, क्लीनिक खोलने से लेकर अन्य कई कल्याणकारी कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने छात्रावास के लिए फर्नीचार, विस्तर आदि सामग्री भी भेंट की। टीएचडीसी के अपर महाप्रबंधक यूके ठाकुर ने कहा कि छात्रावास के शुरू होने से दूर-दराज से आने वाले जरूरतमंद बच्चों को सुविधा मिलने लगी है। उन्होंने छात्रावास में सामान्य ज्ञान की पुस्तकें, न्यूज पेपर भी उपलब्ध करने का सुझाव दिया। मौके पर टीएचडीसी (न्यू प्रोजेक्ट) के उपमहाप्रबंधक बीके राय, सेवा-टीएचडीसी के उपमहाप्रबंधक अमरदीप, मुरारीलाल खंडवाल, वरिष्ठ प्रबंधक एके वर्मा, आरएस गुसाईं, भीमलाल मेहरा, खुशीलाल, बिजल दास, कृष्ण लाल आर्य, तेजपाल, पुरूषोत्तम कठियाल, अर्जुन कुमार, मनीष आर्य, प्रवीन लाल आदि मौजूद थे।