नई टिहरी। धनोल्टी की तर्ज पर जिला प्रशासन ने जड़ीपानी से कांणाताल के बीच नए पर्यटक स्थल बनाने का निर्णय लिया है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए क्षेत्र में ग्रामीण पर्यटन उत्थान योजना के तहत 60 लाख की लागत से नए ट्रैकिंग रूट, व्यू प्वाइंट, पक्षी विहार, मनोरंजन स्थल, पार्कों का निर्माण किया जाएगा। कांणाताल से लेकर धनोल्टी क्षेत्र को जिला प्रशासन ने प्लास्टिक फ्री जोन घोषित किया है।
पलायन को रोकने के लिए पर्यटन को प्रमुख रोजगार का जरिया बनाने के लिए डीएम सोनिका के नेतृत्व में बीते दिन अधिकारियों ने जड़ीपानी से कांणाताल के बीच नए पर्यटक स्थलों की तलाश की। डीएम ने जिला पर्यटन अधिकारी को धनोल्टी ईको पार्क की तर्ज पर जड़ीपानी से कांणाताल के बीच व्यू प्वाइंट, पक्षी विहार की योजना तैयार करने को कहा। त्यूनी-मसूरी-धनोल्टी-टिहरी के अंतर्गत धनोल्टी से चंबा के बीच बढ़ते अतिक्रमण पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। एनएच और राजस्व विभाग के अधिकारियों को मार्ग पर भवनों और होटलों के निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी न करने के निर्देश दिए। होम स्टे योजना को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय लोगों को प्रोत्साहित करने को कहा। इस मौके पर तहसीलदार राधाकृष्ण सुयाल, बीडीओ मान सिंह राणा, जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा आदि उपस्थित रहे।