चंबा (टिहरी)। स्कूल और कॉलेज में पढ़ाई के साथ-साथ नौकरी की राह तलाशने का एक रास्ता नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) से होकर भी जाता है। एनसीसी के प्रति छात्रों का रुझान बढ़ने लगा है। यही वजह है कि सत्र में गढ़वाल विवि के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल के एनसीसी की दक्षता परीक्षा पास कर 65 नए छात्रों को एनसीसी में प्रवेश मिला है।
बीते जून में एसआरटी परिसर में एनसीसी का नेशनल इंटीग्रेटेड कैंप संपन्न हुआ। इस दौरान एनसीसी के कई उच्चाधिकारियों ने कैंप के दौरान परिसर के छात्रों के बीच एनसीसी को लेकर काफी उत्सुकता देखी। एनसीसी अधिकारियों ने परिसर में 53 सीटों को बढ़ाकर 160 कर दिया। मगर वहीं एनसीसी में प्रवेश लेने के लिए दक्षता परीक्षा भी अनिवार्य कर दी। ताकि योग्य छात्र इसका फायदा लेने से वंचित न रह जाए। जिस पर पिछले दिनों एसआरटी परिसर के एनसीसी विभाग ने आवेदक छात्रों को दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया था, जिस पर परीक्षा में 65 उत्तीर्ण छात्रों को दाखिला दे दिया गया है। ऐसे में अब विभाग के पास गत सत्र के 23 छात्रों को मिलाकर कुल छात्रों की संख्या 88 पहुंच गई है। एनसीसी अधिकारी डा. रवींद्र सिंह का कहना है कि सत्र में 65 नए छात्रों का प्रवेश लेना अच्छी खबर है। एनसीसी ज्वाइन कर छात्र-छात्राएं पढ़ाई के साथ ही भविष्य की नींव भी रख सकते हैं।