चंबा (टिहरी)। नगर क्षेत्र की सड़कों और सार्वजनिक रास्तों पर बढ़ते अवैध अतिक्रमण को तोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। डीएम सोनिका के निर्देश पर लोनिवि ने अवैध अतिक्रमण को चिह्नित करना शुरू कर दिया है। पिछले दो दिन में लोनिवि की टीम ने 45 अलग-अलग स्थानों पर लाल निशान लगाकर चिह्नित कर दिया है। अतिक्रमण वाले भाग पर लाल चिह्न लगाने से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। लोनिवि के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
एक सप्ताह पूर्व चंबा नगर के भ्रमण पर पहुंची डीएम सोनिका ने लोनिवि के अधिकारियों को चंबा-पुरानी टिहरी रोड में सड़क को घेर कर निर्माण कार्य करने वालों की सूची तैयार करने को कहा था। ब्लॉक रोड और सुमन कॉलोनी के सार्वजनिक रास्तों पर भी जगह-जगह अवैध अतिक्रमण है। डीएम के निर्देश पर लोनिवि ने चंबा-पुरानी टिहरी मोटर मार्ग पर अतिक्रमण का चिह्नीकरण शुरू किया है। अतिक्रमण को चिह्नित करने के लिए लोनिवि के कर्मचारियों ने लाल निशान लगाने शुरू कर दिए हैं। मार्ग पर जगह-जगह लाल निशान को देखकर लोगों और अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो सड़क ही नहीं नालियों पर भी कब्जा कर लिया गया है, जिससे बारिश का पानी सड़कों पर बह रहा है। निकासी नहीं होने से बारिश का पानी घरों में घुस जाता है। दो दिन के अंतर्गत लोनिवि के अधिकारियों और कर्मचारियों ने 45 स्थानों पर अवैध अतिक्रमण चिह्नित किया है।
कोट
डीएम के आदेश पर चंबा-पुरानी टिहरी मार्ग पर सड़क को घेरकर निर्माण करने वालों की सूची तैयार की जा रही है। इसकी रिपोर्ट दो-तीन के अंतर्गत डीएम को सौंप दी जाएगी। इसके बाद अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
-केएस रावत, एई, लोनिवि चंबा