नरेंद्रनगर (टिहरी)। डीएम सोनिका ने संयुक्त चिकित्सालय और तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खामियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
बुधवार को पौने दो बजे डीएम ने संयुक्त चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया, लेकिन इस दौरान वहां आपातकाल के अलावा सभी सेवाएं बंद मिली। उन्होंने इसका कारण पूछा, तो अस्पताल में कार्यरत स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. सीमा चंदानी की मां के देहांत पर शोकसभा के बाद छुट्टी करने की बात कही गई। डीएम ने अस्पताल का निरीक्षण किया, तो कूड़ेदान और शौचालयों में पसरी गंदगी पर सीएमएस डा. मनोज बौखंडी को सफाई व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। चिकित्सालय में शुद्ध पानी के लिए आरओ लगाने और स्टोर रूम में रखे गए गद्दे वार्डों में लगाने को कहा। बायोमीट्रिक लगाने, कैंटीन में सफाई रखने, एनआरसी सेंटर संचालित नहीं होने पर उसे चाइल्ड वार्ड बनाने व एसडीएम लक्ष्मीराज चौहान को अस्पताल का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। डीएम ने उरेडा, उद्योग और सीईओ दफ्तर का निरीक्षण किया है।