नैनबाग (टिहरी)। जिले में 108 सेवा की पांच एंबुलेंस खराब पड़ी है। मंगलवार को एक बच्चा पांच घंटे तक 108 एंबुलेंस के इंतजार में बुखार से तड़पता रहा। लाचार मां-बाप बाद में स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को अस्पताल ले गए।
जिले में 108 सेवा की 13 एंबुलेंस संचालित हो रही है, जिसमें नैनबाग, पिलखी, नंदगांव, जाखणीधार और लंबगंाव की एंबुलेंस खराब पड़ी है। मंगलवार तड़के चार बजे नैनगांव निवासी दिल सिंह के पांच साल के बेटे वैभव को तेज बुखार आया। परिजनों ने 108 सेवा को कॉल की, तो पता चला नैनबाग स्थित 108 वाहन खराब पड़ा है। 108 से बताया गया कि मसूरी से वाहन भेजा जाएगा। जब आठ बजे तक भी मसूरी से एंबुलेंस नहीं पहुंची, तो बच्चे के माता-पिता ने गांव के श्याम सिंह चौहान के वाहन में बच्चे को विकासनगर अस्पताल ले गए। बच्चे की हालत में अब सुधार है। 108 सेवा के मीडिया प्रभारी मोहन सिंह राणा का कहना है कि नैनबाग की 108 एंबुलेंस में तकनीकी खराबी थी, जिसे देहरादून में ठीक कराकर भेज दिया गया है। नए वाहन उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर पर कार्रवाई चल रही है।