घनसाली (टिहरी)। घनसाली और चमियाला के बाजार के होटल, ढाबों में धड़ल्ले से अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है, लेकिन अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस-प्रशासन कोई कदम नहीं उठा रहा है।
थाना क्षेत्र के घनसाली, चमियाला में सरकार ने दो अंग्रेजी शराब की दुकान खोली है, नई आबकारी नीति के अनुसार दोपहर 12 से शाम छह बजे तक खुली रहती है, लेकिन शराब कारोबारी अपनी बिक्री बढ़ाने के लिए स्थानीय होटलों, ढाबा संचालकों से ठेका खुलने से पहले एवं बंद होने के बाद बड़ी मात्रा में शराब सप्लाई कर रहे हैं। नशामुक्ति आंदोलन चला रहे चंद्र सिंह बिष्ट, केएस रावत, नीलम सुरीरा, विक्रा देवी, पार्वती देवी, सुंदरा देवी आदि का कहना है कि शराब की दुकानों के खुलने, बंद होने के बाद स्थानीय होटलों में शराब बिक्री की जा रही है, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस एवं आबकारी विभाग अवैध शराब पर लगाम लगाने को ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने अवैध शराब की बिक्री एवं दोनों ठेकों को पूर्ण रूप से बंद नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी। थानाध्यक्ष किशन टम्टा का कहना है कि चमियाला, घनसाली बाजार में नियमित रूप से छापेमारी की जा रही है।