चंबा (टिहरी)। स्वामी रामतीर्थ परिसर बादशाहीथौल के बीए-बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। बीते मई माह में आयोजित स्किल डेवलपमेंट कोर्स की परीक्षा देने से वंचित छात्र-छात्राओं की परीक्षा अब पांच अगस्त को आयोजित की जाएगी।
एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल के बीए-बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर की स्किल डेवलपमेंट कोर्स की परीक्षा बीते मई में आयोजित की गई थी, लेकिन परीक्षा के दौरान गलत प्रश्नपत्र आने से बीए चतुर्थ सेमेस्टर राजनीति विज्ञान, हिंदी, बीएससी के कई छात्र-छात्राएं परीक्षा देने से वंचित रह गए थे। नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने पर परीक्षा देने से वंचित छात्र-छात्राएं विवि प्रशासन से दोबारा परीक्षा आयोजित करने के लिए लगातार दबाव बनाते आ रहे थे। परिसर निदेशक प्रो. आरसी रमोला ने बताया कि स्किल डेवलपमेंट कोर्स की परीक्षा देने से छूटे छात्रों की परीक्षा अब पांच अगस्त को सुबह 11 बजे से अपराह्न एक बजे तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों को समय पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
एनसीसी की भर्ती पांच अगस्त को
चंबा (टिहरी)। एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में एनसीसी लेने वाले छात्र-छात्राओं की भर्ती पांच अगस्त को होगी। एनसीसी अधिकारी डा. रविंद्र सिंह ने बताया एनसीसी में भर्ती होने के लिए अभ्यर्थियों की दक्षता परीक्षा ली जाएगी। बताया कि पूर्व में एसआरटी परिसर में एनसीसी की केवल 53 सीटें निर्धारित थी, लेकिन अब सीटों की संख्या बढ़कर 160 हो गई है।