चंबा ( टिहरी)। दो दशक के लंबे इंतजार के बाद नगरवासियों को अब कूड़े की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जग गई है। कूड़ा निस्तारण करने के लिए खांडखाल के समीप नगर पंचायत को ट्रैंचिंग ग्राउंड निर्माण को 35 नाली भूमि मिल गई है। टीएचडीसी ने कूड़ा डंपिंग के लिए अपना अनापत्ति प्रमाणपत्र भी जारी कर दिया है।
नगर क्षेत्र के कूड़े के लिए नगर पंचायत ने चंबा-धरासू हाईवे किनारे हौज बनाया है। एनजीटी के नियमों को ताक पर रखकर बनाया गया कूड़ाघर बस्ती के बीच में होने के कारण लोगों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ था। पिछले दिनों स्थानीय विधायक धन सिंह नेगी ने भी औचक निरीक्षण कर पर्यावरण प्रदूषण बोर्ड की अनुमति के बिना सड़क पर कूड़ा डाले जाने पर नगर पंचायत को फटकार लगाई थी। नगर क्षेत्र से रोजाना करीब 4 टन कूड़ा निकलता है। ऐेसे में अब नगर पंचायत को ट्रैंचिंग ग्राउंड के नगर क्षेत्र से 23 किमी दूर बनने के कारण दो ट्रकों की भी जरूरत होगी। स्थानीय निवासी सतवीर पुंडीर, वीरेंद्र सेमवाल, अरविंद मखलोगा ने ट्रैंचिंग ग्राउंड के लिए जमीन मिलने पर विधायक का आभार जताया है। विधायक नेगी ने कहा कि प्रशासन को ग्राउंड के लिए भूमि उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश जारी किए थे।
पालिका को कूड़ा निस्तारण के लिए 35 नाली भूमि खांडखाला में मिल गई है। नगर पंचायत के नाम भूमि के राजस्व अभिलेखों में दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। कूड़े को ट्रैंचिंग ग्राउंड तक ले जाने के लिए दो हाइड्रोलिक ट्रकों के लिए टीएचडीसी से मांग की जा रही है।
-एसपी जोशी, ईओ, नगर पंचायत चंबा