कंडीसौड़ (टिहरी)। आधार कार्ड बनाने के लिए शनिवार को थौलधार ब्लॉक के लोगों को फजीहत झेलनी पड़ी। दूर-दराज गांवों से लोग आधार कार्ड बनाने के लिए ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे, लेकिन जब वहां आधार कार्ड बनाने के लिए कोई भी कर्मचारी नहीं मिला तो आक्रोशित लोगों ने ब्लॉक मुख्यालय में हंगामा किया।
ब्लाक मुख्यालय थौलधार में 29 जुलाई को आधार कार्ड बनाने लिए कैंप आयोजित करने की तिथि निर्धारित की गई थी, जिसकी सूचना ग्राम पंचायत अधिकारियों ने ग्राम प्रधानों को दी थी। अब तक आधार कार्ड से वंचित लोग दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे, लेकिन वहां आधार कार्ड बनाने के लिए कोई भी व्यवस्था न होने से लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया। लोगों का कहना था कि हम लोग यहां पर भूखे प्यासे पहुंचे, लेकिन यहां आधार कार्ड बनाने के लिए कोई भी व्यवस्था नहीं मिली। कहा कि एक तरफ सरकार हर जगह आधार कार्ड जरूरी की बात कह रही है, वहीं दूसरी ओर आधार कार्ड बनाने के लिए सुविधा नहीं दे रही है। वहीं बीडीओ बिजेंद्र लाल का कहना है कि आधार कार्ड बनाने के लिए शनिवार को कैंप आयोजन की तिथि निर्धारित की गई थी, लेकिन जिस कंपनी को देहरादून से आना था। उनका कर्मचारी नहीं पहुंचा। इससे दिक्कत हुई। इस संबंध में डीएम को रिपोर्ट भेजी जा रही है। हंगामा करने वालों में शूरवीर रावत, कर्ण सिंह, धर्मानंद, प्रभुलाल भट्ट, विजय सेमवाल, बीना देवी, दर्शनी देवी, बीना देवी, कुशला देवी, उपेंद्र दत्त आदि शामिल थे।