नई टिहरी। आधार कार्ड और एटीएम नंबर पूछकर ठग ने एक व्यापारी के बैंक खाते से 4500 रुपये उड़ा डाले। थौलधार सैलुर गांव निवासी व्यापारी किशोर लाल डबराल का कांडीखाल भारतीय स्टेट बैंक में खाता है। सोमवार सुबह 11 बजे व्यापारी डबराल के मोबाइल पर फोन आया कि आपने स्टेट बैंक में अपना आधार नंबर लिंक नहीं कराया। कॉल करने वाले ने उन से आधार नंबर पूछा और तुरंत ही आधार नंबर लिंक होने का मैसेज भेजा, जिसके बाद ठग ने एटीएम का पिन नहीं, बल्कि 16 डिजिट का नंबर पूछा। जिसके पांच मिनट बाद मोबाइल पर बैंक खाते से 4500 रुपये निकालने का मैसेज मिला। बाद में व्यापारी ने बैंक में संपर्क किया, तो बैंक अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने कोई कॉल नहीं किया। व्यापारी के खाते में 4600 रुपये थे, जिसमें से 4500 रुपये ठग ने उड़ा दिए।